विश्व दिव्यांग दिवस 2026: राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए आवेदन शुरू, जानिए कौन कर सकता है आवेदन

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

बाराबंकी। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने अवगत कराया है कि प्रत्येक वर्ष 03 दिसम्बर को “विश्व दिव्यांग दिवस” के अवसर पर दिव्यांगता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। इस क्रम में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा विभिन्न श्रेणियों में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
राज्य स्तरीय पुरस्कार हेतु निम्नलिखित श्रेणियां निर्धारित की गई हैं—
दक्ष दिव्यांग कर्मचारी / स्वनियोजित दिव्यांगजन के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार।
दिव्यांगजन हेतु सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता तथा सर्वश्रेष्ठ प्लेसमेंट अधिकारी अथवा एजेंसी के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार।
दिव्यांगजन के हित में कार्यरत सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति एवं सर्वश्रेष्ठ संस्था के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार।
प्रेरणास्त्रोत हेतु राज्य स्तरीय पुरस्कार।
दिव्यांगजन के जीवन स्तर में सुधार हेतु सर्वश्रेष्ठ नवीन अनुसंधान अथवा उत्पाद विकास के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार।
दिव्यांगजन हेतु बाधामुक्त वातावरण के सृजन में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार।
दिव्यांगजन को पुनर्वास सेवाएं प्रदान करने वाले सर्वश्रेष्ठ जनपद के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार।
सर्वश्रेष्ठ सृजनशील दिव्यांग वयस्क एवं सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग बालक/बालिका के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार।
सर्वश्रेष्ठ ब्रेल प्रेस के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार।
दिव्यांगजन के लिए सर्वश्रेष्ठ अनुकूल वेबसाइट हेतु राज्य स्तरीय पुरस्कार।
सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार।
दिव्यांगजन के सशक्तीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी/कर्मचारी के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार।
इच्छुक व्यक्ति एवं स्वैच्छिक संस्थाएं “राज्य स्तरीय पुरस्कार” हेतु आवेदन पत्र आवश्यक विवरण, अभिलेखों एवं प्रमाण-पत्रों सहित तीन प्रतियों में दिनांक 15 जुलाई 2026 तक कार्यालय जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, बाराबंकी, कक्ष संख्या-09 में जमा कर सकते हैं।

Leave a Comment