बाराबंकी में योग दिवस की तैयारियां तेज, डीएम ने दिए बड़े निर्देश | Yoga Day 2026

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस एवं योग सप्ताह की तैयारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

योग को जन-आंदोलन बनाएं, जनपद से ग्राम पंचायत तक व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाए : डीएम

बाराबंकी 08जून-:12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून 2026) एवं 15 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले योग सप्ताह की तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज यह विश्वभर में भारत की सांस्कृतिक विरासत एवं स्वास्थ्य चेतना का प्रतीक बन चुका है।

“योगा फॉर हेल्थी एजिंग” थीम पर 15 से 21 जून तक चलेगा योग सप्ताह, 21 जून को होगा जनपद स्तरीय मुख्य आयोजन

बैठक में बताया गया कि इस वर्ष 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य सभी आयु वर्ग के लोगों को योग के माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय एवं संतुलित जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है। शासन के निर्देशानुसार 15 जून से 21 जून, 2026 तक जनपद में योग सप्ताह का आयोजन किया जाएगा जिसका शुभारंभ मा0 जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा तथा 21 जून को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जीआईसी ऑडिटोरियम, बाराबंकी में जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। योग सप्ताह के दौरान जनपद, नगर निकायों एवं ग्राम पंचायत स्तर तक विभिन्न योग, जनजागरूकता एवं सहभागितापरक गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि योग सप्ताह के दौरान प्रतिदिन सामूहिक योगाभ्यास के साथ-साथ रंगोली, निबंध, स्लोगन, भाषण, ड्राइंग एवं योगासन प्रतियोगिताएं, जनजागरूकता कार्यक्रम तथा विभिन्न विषयों पर सेमिनार आयोजित किए जाएं। योग के माध्यम से उच्च रक्तचाप प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य, महिलाओं के स्वास्थ्य तथा आधुनिक जीवनशैली जनित रोगों के समाधान जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद की सभी नगर निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर तक भव्य योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। कार्यक्रमों में युवाओं, महिलाओं, एनसीसी, पुलिस बल, स्काउट-गाइड, स्वयंसेवी संगठनों तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। योग सप्ताह के दौरान साइकिल रैली एवं पैदल जागरूकता यात्राओं का आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ा जाए। साथ ही सभी कार्यक्रमों को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त रखते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाए।

जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद को कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, मोबाइल शौचालय एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा पुलिस विभाग को सुरक्षा, यातायात, पार्किंग एवं भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी को कार्यक्रम स्थल पर एम्बुलेंस एवं चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने तथा आयुष विभाग को समस्त कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई।

Leave a Comment