रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।
डीएम की अध्यक्षता में ग्राम विकास, पंचायती राज, गौ आश्रय स्थलों एवं स्वच्छता योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न
बरसात में क्षतिग्रस्त सड़कों की प्राथमिकता पर मरम्मत, गौ आश्रय स्थलों पर जलभराव रोकने एवं विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
ओडीओपी एवं ओडीओसी को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उत्पादों की ब्रांडिंग एवं विपणन को दे बढ़ावा: डीएम
बाराबंकी, 22 जुलाई 2026। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में ग्राम विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, गौ आश्रय स्थलों तथा जिला स्वच्छता समिति से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।जिलाधिकारी ने महिला स्वयं सहायता समूहों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने, फैमिली आईडी निर्माण में तेजी लाने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) एवं अन्य विकास योजनाओं की प्रगति में अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों एवं अन्नपूर्णा भवनों के शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण कर उनका संचालन प्रारम्भ कराने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान वर्षा ऋतु के दौरान जिन गांवों एवं मोहल्लों की सड़कें अथवा गलियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं, उनकी सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराई जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा वर्षा के दौरान जलभराव वाले स्थानों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

गौ आश्रय स्थलों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि नामित नोडल अधिकारी संबंधित खंड विकास अधिकारियों के साथ नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सतत अनुश्रवण करें। उन्होंने निर्देश दिए कि गौ आश्रय स्थलों पर हरे चारे, साइलेज एवं भूसे की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे तथा वर्षा के दौरान किसी भी स्थिति में जलभराव न होने पाए। साफ-सफाई, पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण, पर्याप्त पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) एवं एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओसी) को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने पर विशेष बल देते हुए कहा कि समूह की महिलाओं को स्थानीय विशेष उत्पादों के निर्माण, मूल्य संवर्धन, पैकेजिंग, ब्रांडिंग एवं विपणन से जोड़ा जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विकास खंड में उपलब्ध विशिष्ट उत्पादों के आधार पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन प्रदान कर स्वरोजगार के नए अवसर विकसित किए जाएं।
पंचायती राज विभाग की समीक्षा में जिलाधिकारी ने गांवों में स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने, नालियों की नियमित सफाई, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था, अधूरे शौचालयों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने तथा पंचायत सहायकों का मानदेय समय से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायतों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए नियमित मॉनिटरिंग करने पर भी बल दिया।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने पेंशन योजनाओं के लंबित आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन कर पात्र लाभार्थियों को शीघ्र लाभान्वित करने, ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी श्री भूषण कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए श्री राकेश कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










