बाराबंकी: डंपर पलटने से मचा हड़कंप, ग्रामीणों की मदद से चालक सुरक्षित बाहर निकाला गया

रिपोर्ट, पी.एन. सिंह

बेलहरा (बाराबंकी)। थाना मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी बेलहरा के अंतर्गत आने वाले बेलहरा–फतेहपुर मार्ग पर ग्राम डिप्टी गंज के पास सोमवार को पीली मिट्टी लादकर जा रहा एक डंपर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर सड़क किनारे पलटने के बाद चालक वाहन में फंस गया था। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों के सहयोग से चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं।

घटना के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। बाद में काफी मशक्कत और प्रयासों के बाद क्रेन की सहायता से पलटे हुए डंपर को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे का कारण वाहन का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस एवं स्थानीय लोगों की सतर्कता से स्थिति जल्द ही सामान्य कर ली गई।

Leave a Comment