बाराबंकी: डीएम ने पोषण योजनाओं की समीक्षा की, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पोषाहार वितरण के निर्देश

रिपोर्ट, सुरेन्द्र सिंह चौहान।

जनपद स्तरीय जिला पोषण समिति एवं कन्वर्जेन्स कमेटी की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न

सम्भव-06 अभियान के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पूरक पोषाहार वितरण को प्राथमिकता देने के निर्देश

बाराबंकी, 24 जुलाई 2026। कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय जिला पोषण समिति एवं कन्वर्जेन्स कमेटी की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में संचालित पोषण एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से प्राप्त करने के निर्देश दिए। जिला कार्यक्रम अधिकारी राकेश कुमार मिश्र द्वारा सम्भव-06 अभियान (जुलाई 2026 से 30 सितम्बर 2026) के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित विभिन्न मॉनिटरिंग बिंदुओं पर अब तक की प्रगति से विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिन्हित सैम (SAM) बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक छह प्रकार की औषधियां उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा प्रत्येक पात्र बच्चे का ई-कवच ऐप पर पंजीकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सैम एवं मैम श्रेणी के बच्चों की नियमित स्वास्थ्य निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत सभी पात्र बच्चों का विवरण अनिवार्य रूप से ई-कवच ऐप पर फीड किया जाए, जिससे उनकी सतत मॉनिटरिंग एवं उपचार की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र लाभार्थी का पंजीकरण छूटना नहीं चाहिए।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केन्द्रों के लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर पूरक पोषाहार का वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आपदा की स्थिति में भी बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं के पोषण पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

बैठक में परियोजना निदेशक, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, अपर सांख्यिकीय अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment