रिपोर्ट, सुरेन्द्र सिंह चौहान।
ओवररेटिंग और कालाबाजारी पर शिकंजा: सूरतगंज में निर्धारित दर से महंगी यूरिया बेच रहे खाद व्यापारी पर मुकदमा दर्ज
बाराबंकी।
जिले में किसानों को निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेचने और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कृषि विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के निर्देश पर सूरतगंज ब्लॉक स्थित मेसर्स अब्दुल हाई खाद भंडार, भैरमपुर के विक्रेता के खिलाफ रामनगर कोतवाली में आवश्यक वस्तु अधिनियम (Essential Commodities Act) की गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
निरीक्षण में खुली पोल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को दोपहर लगभग 02:00 बजे वरिष्ठ प्राविधिक सहायक (ग्रुप-ए)/उर्वरक निरीक्षक देशराज द्वारा मेसर्स अब्दुल हाई खाद भंडार (भैरमपुर, ब्लॉक सूरतगंज, तहसील रामनगर) का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकान और गोदाम में उपलब्ध उर्वरक के वास्तविक स्टॉक तथा आधिकारिक IFMS पोर्टल के आंकड़ों में भारी भिन्नता पाई गई।
मौके पर 310 बोरी डीएपी (DAP) उपलब्ध पाई गई, जबकि यूरिया का कोई स्टॉक मौके पर मौजूद नहीं था।
266.50 रुपये की यूरिया 500 रुपये में बेची
निरीक्षण के दौरान मौजूद स्थानीय किसानों ने उर्वरक निरीक्षक के समक्ष लिखित बयान दर्ज कराए:
किसान बीरेंद्र (पुत्र राम दुलारे, निवासी मधुरा, भिटौली) ने बताया कि विक्रेता द्वारा उन्हें 3 बोरी यूरिया 500 रुपये प्रति बोरी की दर से बेची गई।
किसान समर सिंह (पुत्र ननकऊ, निवासी मधुरा, भिटौली) ने भी 500 रुपये प्रति बोरी की दर से यूरिया खरीदे जाने का बयान दिया और ऑनलाइन भुगतान (UPI Transaction ID) का साक्ष्य भी प्रस्तुत किया।
उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा यूरिया की निर्धारित सरकारी दर 266.50 रुपये प्रति बोरी है, जबकि विक्रेता द्वारा किसानों से 500 रुपये प्रति बोरी वसूले जा रहे थे।
दुकान व गोदाम सील, 3/7 के तहत मुकदमा
पूछताछ में शेष यूरिया के वितरण के संबंध में विक्रेता द्वारा कोई संतोषजनक उत्तर न दिए जाने तथा उर्वरक स्टॉक में अंतर पाए जाने पर पूरी दुकान और गोदाम को सील कर दिया गया।
उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 का उल्लंघन पाए जाने पर विक्रेता अब्दुल हाई (पुत्र अब्दुल लतीफ, निवासी ग्राम भैरमपुर) के विरुद्ध थाना कोतवाली रामनगर में प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।










