पश्चिमी सिंहभूम से स्टेट प्रभारी झारखंड,अनूप श्रीवास्तव की रिपोर्ट जी भारत न्यूज़
पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा प्रखंड अंतर्गत गोबिंदपुर पंचायत में मा.सिंहभूम सांसद श्रीमती जोबा माझी एवं उपायुक्त श्री मनीष कुमार के द्वारा क्षेत्र भ्रमण कर विभिन्न योजनाओं एवं नवाचारों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान “स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु अभियान” के तहत पंचायत क्षेत्र में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया। भ्रमण के दौरान पंचायत सचिवालय में स्थानीय मुखिया व पंचायत सचिव की मौजूदगी में स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय छोड़ चुके छात्रा को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ने तथा मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सम्मानित कर उसका उत्साहवर्धन किया गया।

ग्रामीणों के साथ संवाद के क्रम में उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों, जैसे- मिशन उदय, मलेरिया माह, रक्तदान शिविर, तिथि भोज-सह-जन्मोत्सव कार्यक्रम तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में बाल भोज जैसी गतिविधियों की जानकारी देते हुए इनके उद्देश्यों एवं लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। उन्होंने ग्रामीणों से इन कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। माननीय सांसद ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ लाभुकों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों से जिला प्रशासन द्वारा संचालित नवाचारों एवं जनकल्याणकारी पहलों से जुड़ने तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। संवाद कार्यक्रम के पश्चात मा.सांसद एवं उपायुक्त ने पंचायत भवन में संचालित सुदृढ़ीकरण कार्यों का एवं पंचायत भवन में अधिष्ठापित ज्ञान केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पंचायत भवन में मंईयां कक्ष, ऊर्जा कक्ष एवं हैंड वॉश यूनिट की स्थापना के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि पंचायत स्तर पर बेहतर सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित किया जा सके।

इसके उपरांत मा.सांसद एवं उपायुक्त के द्वारा आहार दिवस के अवसर पर डीलर श्री बाबूलाल प्रधान द्वारा संचालित कर जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान के माध्यम से किए जा रहे राशन वितरण व्यवस्था का जायजा लिया गया। साथ ही लाभुकों के बीच धोती एवं साड़ी का वितरण भी किया गया। निरीक्षण के क्रम में 4जी ई-पोश मशीन क्रियान्वयन व लाभुकों का ई-केवाईसी कार्यों के संदर्भ में भी जानकारी ली गई। गोबिंदपुर पंचायत भ्रमण कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत निर्मित आवास में लाभुक हिरालाल दास के गृह प्रवेश कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए नव निर्मित गृह का अवलोकन किया गया तथा लाभुक को उपहार स्वरूप प्रेशर कुकर प्रदान कर शुभकामनाएं दी गईं। अंत में उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा पंचायत स्तर पर योजनाओं की प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।










