बाराबंकी: डीएम ईशान प्रताप सिंह का बड़ा एक्शन, निर्माण कार्यों में लापरवाही पर सख्त निर्देश

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान

डीएम ने निर्माणाधीन परियोजनाओं का किया निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता न करने के निर्देश

आईटीआई सिरौलीगौसपुर का कार्य अगस्त तक पूर्ण कराने हेतु बढ़ाई जाए श्रमिकों की संख्या : डीएम

बाराबंकी, 06 जून, 2026-जनपद में संचालित विकास एवं निर्माण परियोजनाओं की नियमित समीक्षा एवं स्थलीय निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह ने शनिवार को तहसील सिरौलीगौसपुर क्षेत्र में विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्धता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि के भीतर उच्च गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप पूर्ण कराया जाए।

जिलाधिकारी ने लगभग ₹ 4.81 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सिरौलीगौसपुर व परिसर में ही 294.16लाख की लागत से निर्माणाधीन आधुनिक कार्यशाला एवम प्रशिक्षण कक्ष के अवशेष कार्यों का निरीक्षण किया।उन्होंने मौके पर कार्यरत मजदूरों की संख्या का सत्यापन किया तथा कार्य की प्रगति को देखते हुए कार्यदायी संस्था को श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए, जिससे परियोजना को अगस्त 2026 तक पूर्ण कराया जा सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भवन निर्माण,आधुनिक प्रशिक्षण कार्यशाला, विद्युत, जलापूर्ति, सैनिटरी तथा अन्य फिनिशिंग कार्यों को बेहतर कार्यकुशलता के साथ निर्धारित तकनीकी मानकों एवं विशिष्टताओं के अनुरूप पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इसके पहले जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय पीठापुर परिसर में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा निर्मित किए जा रहे ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भवन का निर्माण एवं फिनिशिंग कार्य लगभग पूर्ण पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर भवन का शीघ्र हैंडओवर लेकर उसका संचालन प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर का भी निरीक्षण किया तथा वहां स्थित जर्जर भवन को प्राथमिकता के आधार पर ध्वस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय परिसर को हरित एवं आकर्षक बनाने के उद्देश्य से फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कराए जाने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर श्री अनिल सरोज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment