हैदरगढ़ कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित हुआ किसान दिवस, किसानों की समस्याओं पर अधिकारियों ने की समीक्षा

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान

बाराबंकी, 22 मई। जिलाधिकारी बाराबंकी के निर्देशानुसार गुरुवार को कृषि विज्ञान केंद्र, हैदरगढ़ में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने की। किसान दिवस में जनप्रतिनिधियों, कृषि वैज्ञानिकों, विभागीय अधिकारियों एवं विभिन्न विकास खंडों से आए प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य राम बरन वर्मा, प्रगतिशील कृषक राम किशोर पटेल, विक्रांत सैनी, विपिन वर्मा, मायाराम एवं राम सुरेश तिवारी सहित कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. अश्वनी कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, विद्युत एवं सिंचाई विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला कृषि अधिकारी द्वारा विगत किसान दिवस में किसानों की ओर से उठाई गई समस्याओं एवं उनके निस्तारण की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ हुई। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने शिकायतों के निस्तारण की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

किसान दिवस में किसानों ने जल जीवन मिशन के कार्यों में हो रही देरी, रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने, वर्षा से पूर्व ड्रेनों की सफाई कराने तथा किसान क्रेडिट कार्ड के साथ बीमा अनिवार्य किए जाने जैसी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। इस पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान जिला कृषि अधिकारी ने किसानों को बीजों की ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया की जानकारी दी, जबकि उप कृषि निदेशक ने फॉर्मर रजिस्ट्री से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान किया। वहीं जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने भूमि सुधार एवं भूमि शोधन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

किसान दिवस में कृषि एवं समवर्गीय विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।

Leave a Comment