बाराबंकी में शुरू हुआ जनगणना-2027 का मकान सूचीकरण कार्य, एडीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान

बाराबंकी, 22 मई। भारत की जनगणना-2027 के तहत जनपद में मकानों के सूचीकरण एवं गणना कार्य का शुभारंभ गुरुवार से हो गया। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ईशान प्रताप सिंह के निर्देशन में चल रहे इस अभियान का जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह ने स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया।

अपर जिलाधिकारी ने शहर के आजाद नगर वार्ड स्थित वर्मा कोठी तथा स्वर्गीय केडी सिंह बाबू की पुस्तैनी हवेली पहुंचकर प्रगणकों द्वारा किए जा रहे गणना एवं सूचीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रगणकों और सुपरवाइजरों से संवाद कर कार्य की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान एडीएम ने निर्देश दिए कि प्रत्येक भवन का विवरण पूरी सावधानी, शुद्धता और पारदर्शिता के साथ दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं सांख्यिकीय प्रक्रियाओं में से एक है, जिसके आंकड़े विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि फील्ड में कार्यरत प्रगणकों के कार्यों की नियमित निगरानी की जाए तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही आमजन से शिष्ट व्यवहार बनाए रखते हुए उन्हें जनगणना के महत्व के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।

अपर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनगणना से संबंधित सभी सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय रखी जाती हैं और उनका उपयोग केवल शासकीय योजनाओं एवं सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है।

उल्लेखनीय है कि जनपद में कुल 6043 प्रगणकों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में मकानों के सूचीकरण एवं गणना का कार्य शुरू किया गया है। इस कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए 1014 सुपरवाइजर भी तैनात किए गए हैं।

इस अवसर पर तहसीलदार नवाबगंज भूपेंद्र विक्रम सिंह, नगर पालिका नवाबगंज के अधिशासी अधिकारी संजय शुक्ला सहित संबंधित प्रगणक एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

Leave a Comment