जमशेदपुर : पोटका में लगातार दूसरे दिन चला मलेरिया उन्मूलन अभियान, घर-घर पहुंचकर हो रही जांच और मुफ्त इलाज

जमशेदपुर:पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया पर प्रभावी नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पोटका प्रखंड के प्रभावित गांवों में लगातार दूसरे दिन भी विशेष अभियान चलाया। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पॉल के निर्देश पर रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों की नि:शुल्क मलेरिया जांच, दवा वितरण, उपचार और जागरूकता अभियान में जुटी रहीं।

अभियान में 20 मेडिकल ऑफिसर, 29 कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO), 11 एमपीडब्ल्यू (MPW) तथा स्थानीय सहिया की टीम शामिल रही। स्वास्थ्यकर्मी बुखार से पीड़ित लोगों की जांच कर रहे हैं, आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करा रहे हैं और गंभीर मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सदर अस्पताल रेफर कर रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ग्रामीणों को यह भी समझा रही है कि मलेरिया का समय पर इलाज संभव है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि बुखार होने पर झाड़-फूंक, अंधविश्वास या झोला-छाप चिकित्सकों के भरोसे रहने के बजाय तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र या आयुष्मान आरोग्य मंदिर में जांच कराएं।

सिविल सर्जन डॉ. साहिर पॉल ने कहा कि अवकाश के दिन भी बड़ी संख्या में डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी गांवों में पहुंचकर सेवाएं दे रहे हैं, जो विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मलेरिया के खिलाफ लड़ाई तभी सफल होगी, जब स्वास्थ्य विभाग और आमजन मिलकर काम करेंगे।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घर और आसपास पानी जमा नहीं होने देने, रात में मच्छरदानी का उपयोग करने, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने तथा बुखार आने पर तुरंत जांच कराने की अपील की है। साथ ही विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में मलेरिया नियंत्रण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और प्रभावित क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य शिविर, जांच, उपचार एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment