सरायकेला:झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 रविवार को सरायकेला-खरसावां जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की थी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा कक्षों की व्यवस्था और आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन का जायजा लिया। इस दौरान केंद्राधीक्षकों और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
जिले में 25 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। कुल 10,102 अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए आवंटित किया गया था, जिनमें 3,569 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 6,533 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। जिला प्रशासन ने आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए।
प्रशासन के अनुसार पूरे जिले में परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित, पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या नकल संबंधी शिकायत की सूचना नहीं मिली








