सरायकेला:विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत सरायकेला-खरसावाँ जिले में शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने का कार्य तेज़ी से जारी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने सभी पात्र मतदाताओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
उपायुक्त ने कहा कि जिन मतदाताओं को अभी तक गणना प्रपत्र (Enumeration Form) प्राप्त नहीं हुआ है या जिन्होंने भरा हुआ प्रपत्र जमा नहीं किया है, वे अपने संबंधित बीएलओ या बीएलओ सुपरवाइजर से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रपत्र जमा करें।
मतदाताओं की सुविधा के लिए 20 जुलाई को जिले के सभी शहरी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में गणना प्रपत्र का वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य किया जाएगा। मतदाता वहीं पर प्रपत्र भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा कर सकते हैं।
उपायुक्त ने बताया कि 22 जुलाई 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और बीएलए-2 की बैठक होगी। इस दौरान प्राप्त प्रपत्रों के आधार पर ASDD (Absent, Shifted, Dead & Duplicate) सूची तैयार की जाएगी, ताकि अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लिकेट नामों का सत्यापन कर मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाया जा सके।
उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं, राजनीतिक दलों के बीएलए-2, बीएलओ और आम नागरिकों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि सभी की भागीदारी से ही शुद्ध एवं त्रुटिरहित निर्वाचक नामावली तैयार की जा सकती है।








