बाराबंकी: डीएम ने राजकीय जिला पुस्तकालय का किया निरीक्षण, छात्रों से संवाद कर बढ़ाया उत्साह

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान

बाराबंकी, 22 मई। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने राजकीय जिला पुस्तकालय समिति की त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के उपरांत उन्होंने पुस्तकालय परिसर का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं, अध्ययन वातावरण एवं छात्रों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं समिति सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक भी की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुस्तकालय में उपलब्ध संसाधनों एवं सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि राजकीय जिला पुस्तकालय जनपद के विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण ज्ञान केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यहां का शांत, सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन के लिए प्रेरित करता है।

डीएम ने पुस्तकालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी तैयारियों, आवश्यकताओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की। छात्रों ने वातानुकूलित अध्ययन कक्ष, इंटरनेट सुविधा, ऑनलाइन आवेदन हेतु कंप्यूटर व्यवस्था तथा शांत वातावरण की सराहना की।

बैठक में पुस्तकालय की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोपयोगी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित उपयोगी पुस्तकों की संख्या बढ़ाने, पाठकों के लिए बेहतर बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने, आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध कराने तथा अन्य सुविधाओं के विस्तार के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पुस्तकालय को आधुनिक संसाधनों से युक्त करते हुए विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक छात्र इसका लाभ उठा सकें। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि राजकीय जिला पुस्तकालय युवाओं की मेहनत, उम्मीद और सफलता का भरोसेमंद केंद्र बनता जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि राजकीय जिला पुस्तकालय में वर्तमान में लगभग 2800 से अधिक सदस्य पंजीकृत हैं तथा प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अध्ययन के लिए पहुंच रहे हैं। पुस्तकालय में वातानुकूलित अध्ययन कक्ष, इंटरनेट सुविधा, ऑनलाइन आवेदन के लिए कंप्यूटर व्यवस्था, सीसीटीवी युक्त सुरक्षित वातावरण एवं प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही यहां विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक ओ.पी. त्रिपाठी, पुस्तकालय अध्यक्ष श्रीमती निर्मला सहित समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment