चाईबासा: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 पश्चिमी सिंहभूम जिले में रविवार को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो रही है। परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय और सतर्क नजर आया।
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने संयुक्त रूप से पीएम श्री प्लस टू राजकीय कन्या उच्च विद्यालय और सेंट जेवियर्स उच्च विद्यालय, चाईबासा सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार और जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन, बायोमैट्रिक उपस्थिति, सुरक्षा जांच, परीक्षा कक्षों की व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, अनुशासन और निगरानी व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। केंद्र अधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों से परीक्षा संचालन की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं का निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व निभाने का निर्देश दिया।
वहीं पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। प्रशासन की सतत निगरानी के बीच जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और कदाचारमुक्त वातावरण में जारी ह








