रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।
गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो, निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप समयबद्ध पूर्ण करें- डीएम
बाराबंकी, 02 जुलाई 2026। जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी पद्मश्री के.डी. सिंह ‘बाबू’ के पैतृक आवास पर विकसित किए जा रहे स्मृति संग्रहालय के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता का गहन परीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं तकनीकी विशिष्टताओं के अनुरूप ही कराया जाए। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि स्मृति संग्रहालय के निर्माण के दौरान भवन की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को अक्षुण्ण रखा जाए तथा रिस्टोरेशन कार्य मूल स्वरूप के अनुरूप ही संपादित किए जाएं, जिससे इस ऐतिहासिक धरोहर की मौलिक पहचान सुरक्षित रह सके।उन्होंने कहा कि यह स्मृति संग्रहालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि जनपद की खेल विरासत का प्रतीक एवं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत होगा। इसलिए संग्रहालय के प्रत्येक कार्य को उच्च गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए। साथ ही आगंतुकों की सुविधाओं, परिसर के समुचित विकास, पार्किंग व्यवस्था तथा संग्रहालय की उपयोगिता से जुड़े सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि परियोजना की स्वीकृत लागत ₹898.27 लाख है तथा कार्यदायी संस्था यू.पी. प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड, यूनिट-14, लखनऊ है। परियोजना के अंतर्गत रिस्टोरेशन, इंटीरियर विकास, साइट डेवलपमेंट, लैंडस्केपिंग, प्लंबिंग, इलेक्ट्रिफिकेशन एवं फायर फाइटिंग सहित विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम नवाबगंज सुश्री गुंजिता अग्रवाल सहायक पीएम यू0पीसीएल सहित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।









