रिपोर्ट सुरेंद्र सिंह चौहान, जी भारत न्यूज़।
ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वाणिज्य बंधु, उद्योग बंधु एवं श्रम बंधु समितियों की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक में व्यापार, उद्योग एवं श्रमिक हितों से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्यमियों, व्यापारियों और श्रमिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनपद में बेहतर व्यापारिक और औद्योगिक वातावरण विकसित हो सके।

बैठक में जिला वाणिज्य बंधु समिति के अंतर्गत शहर की यातायात व्यवस्था, बाजार प्रबंधन, पार्किंग और अतिक्रमण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि साप्ताहिक शट्टी बाजार केवल निर्धारित स्थानों पर ही लगाए जाएं और किसी भी स्थिति में सड़क पर बाजार न लगने पाए, जिससे यातायात बाधित न हो।
उन्होंने ई-रिक्शा संचालन को सुव्यवस्थित करने के लिए प्रमुख चौराहों एवं बाजार क्षेत्रों में निर्धारित स्थानों से ही सवारी बैठाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही परिवहन निगम की बसों को केवल अधिकृत स्थानों से संचालित करने और अनधिकृत स्थानों पर बसों के ठहराव पर रोक लगाने को कहा।

नगर क्षेत्र में अव्यवस्थित विद्युत तारों, अतिक्रमण और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापारी संगठनों से शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की।
उद्योग बंधु समिति की बैठक में औद्योगिक निवेश, निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों और औद्योगिक क्षेत्रों में चल रहे अवस्थापना विकास कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि निवेश से जुड़े मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा निवेशकों को शासन की नीतियों के अनुरूप बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

बैठक में यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र कुर्सी रोड में अवस्थापना विकास कार्यों, फायर स्टेशन एवं अनावासीय भवन निर्माण, सड़क निर्माण, विद्युत कार्य, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। वहीं औद्योगिक क्षेत्र माती में सड़क निर्माण और जल निकासी के लिए नाला निर्माण कार्यों पर भी चर्चा हुई।
भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने अग्निशमन विभाग को सतर्कता बरतने और औद्योगिक क्षेत्रों व प्रमुख प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक में एएसपी उत्तरी विकास चन्द्र, जॉइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, व्यापारी एवं उद्यमी प्रतिनिधि तथा श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।









