बेलहरा बाराबंकी से पीएन सिंह की खास रिपोर्ट, जी भारत न्यूज़।
बेलहरा, बाराबंकी। भीषण गर्मी के बीच नगर पंचायत बेलहरा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। घंटों बिजली गायब रहने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार मंगलवार रात करीब 8 बजे अचानक बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जो देर रात लगभग 12 बजे तक बहाल नहीं हो सकी। उमस और तेज गर्मी से परेशान लोग घरों से बाहर निकलकर सड़कों पर टहलने को मजबूर हो गए।
बिजली कटौती के विरोध में भटुआमऊ वार्ड नंबर-6 के सभासद नसिर खां पुलिस चौकी के सामने धरने पर बैठ गए और बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि गर्मी बढ़ते ही विभाग द्वारा बिना किसी निर्धारित शेड्यूल के अघोषित कटौती की जा रही है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सभासद ने कहा कि रात के समय घंटों बिजली न रहने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की स्थिति सबसे ज्यादा खराब हो रही है। लोगों की नींद और दैनिक दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से रोस्टर के अनुसार नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा अघोषित कटौती पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।










