रिपोर्ट, पी.एन. सिंह
बाराबंकी। थाना मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र की बेलहरा चौकी अंतर्गत बेलहरा-फतेहपुर मार्ग पर ग्राम भटुवा मऊ मोड़ के पास शनिवार को एक मिर्च लदी डीसीएम अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में फंसे चालक और हेल्पर को शीशा तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीसीएम संख्या UP32 ST 7539 बेलहरा से मिर्च लादकर कोलकाता जा रही थी। ग्राम भटुवा मऊ मोड़ के पास अचानक चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया, जिससे डीसीएम सड़क किनारे पलट गई।
हादसे में चालक सुरक्षित रहा, जबकि हेल्पर/परिचालक को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को वाहन से बाहर निकाला गया। घायल हेल्पर का उपचार एक निजी चिकित्सक के यहां कराया गया, जहां उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है। ग्रामीणों की सूझबूझ और त्वरित सहायता से एक बड़ा हादसा टल गया।










