बाराबंकी: अवैध प्लॉटिंग पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, समृद्धि इंफ्राटेक पर चला बुलडोजर

बाराबंकी। जिले के बड़ेल क्षेत्र में संचालित समृद्धि इंफ्राटेक की कथित अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। यह कार्रवाई न्यायालय नियत प्राधिकारी द्वारा पारित ध्वस्तीकरण आदेश के अनुपालन में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समृद्धि इंफ्राटेक के विरुद्ध उत्तर प्रदेश निर्माण कार्य विनियमन अधिनियम, 1958 की धारा-10 के तहत वाद प्रस्तुत किया गया था। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय नियत प्राधिकारी ने अवैध रूप से विकसित की जा रही प्लॉटिंग को ध्वस्त करने का आदेश जारी किया था।
आदेश के अनुपालन में एसडीएम के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण एवं प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना आवश्यक स्वीकृतियों और नियमों के विपरीत विकसित की जा रही कॉलोनियों एवं प्लॉटिंग के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्लॉट या भूमि की खरीदारी से पहले संबंधित भूमि के सभी वैध दस्तावेजों, नक्शा स्वीकृति, भूमि उपयोग एवं अन्य आवश्यक अनुमतियों की पूरी जांच-पड़ताल अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी या आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

बाराबंकी से सुरेंद्र सिंह चौहान की खास रिपोर्ट, जी भारत न्यूज़।

Leave a Comment