बाराबंकी: बाढ़ सुरक्षा कार्यों का एडीएम ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान, जी भारत न्यूज़।

बाराबंकी, 30 मई। आगामी संभावित बाढ़ को देखते हुए जनधन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) निरंकार सिंह ने शनिवार को तहसील रामनगर क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रामनगर और सूरतगंज विकास खंड में सरयू (घाघरा) नदी के तटवर्ती गांवों, संपर्क मार्गों तथा बाढ़ चौकियों का जायजा लेकर तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान एडीएम ने ग्राम कुसौरा में तटबंध की सुरक्षा के लिए चल रहे स्पर निर्माण कार्य तथा ग्राम तेवराइन पुरवा, मजरा बल्लोपुर में कटान रोधी कार्यों के तहत लगाए जा रहे पारक्यूपाइन संरचनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराए जाएं और उनमें तेजी लाई जाए, ताकि संभावित बाढ़ की स्थिति में किसी प्रकार की क्षति से बचा जा सके।

इसके अलावा उन्होंने ग्राम तपेसिपाह में संचालित कटान रोधी कार्यों की प्रगति का भी स्थलीय निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एडीएम ने कहा कि बाढ़ सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी रामनगर आनंद कुमार तिवारी, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता शशिकांत सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल मौजूद रहे।

प्रशासन द्वारा संभावित बाढ़ से निपटने के लिए तटबंधों की मजबूती, कटान रोधी उपायों और राहत व्यवस्थाओं को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जा सकें।

Leave a Comment