बाराबंकी: तिलोकपुर में चोरों का आतंक: जन सेवा केंद्र और वस्त्रालय को बनाया निशाना, लैपटॉप समेत नकदी व कपड़े चोरी

बाराबंकी/रामनगर। तहसील रामनगर क्षेत्र के ग्राम तिलोकपुर स्थित रामचंद्र यादव मार्केट में बीती रात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर जन सेवा केंद्र से लैपटॉप और नकदी तथा एक वस्त्रालय से नकदी और कपड़े चोरी कर फरार हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

जानकारी के अनुसार, जन सेवा केंद्र के संचालक विनोद ने बताया कि चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखे महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगालने के बाद एक लैपटॉप तथा हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि जन सेवा केंद्र पर सरकारी एवं ऑनलाइन सेवाओं से संबंधित कार्य होता है, जिसके चलते लैपटॉप में महत्वपूर्ण डाटा मौजूद था।

वहीं, विश्वकर्मा वस्त्रालय के संचालक पंकज विश्वकर्मा ने बताया कि चोर उनकी दुकान का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और गल्ले में रखी नकदी के साथ करीब 2 से 3 जोड़ी पैंट-शर्ट भी चोरी कर ले गए। सुबह दुकान खोलने पहुंचने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान कर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय व्यापारियों में इस घटना को लेकर आक्रोश और चिंता का माहौल है। व्यापारियों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

रिपोर्ट: परमानंद, जी भारत न्यूज़, बाराबंकी

Leave a Comment