रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।
राज्य महिला आयोग की सदस्या अंजू प्रजापति ने सुनीं पीड़ित महिलाओं की फरियाद
जनसुनवाई में त्वरित कार्रवाई के निर्देश, जिला कारागार, वन स्टॉप सेंटर एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण
बाराबंकी, 22 जुलाई 2026। शासन के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या श्रीमती अंजू प्रजापति ने बुधवार को जनपद बाराबंकी में महिला उत्पीड़न की रोकथाम, पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने तथा महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों की समीक्षा के उद्देश्य से डीआरडीए स्थित गांधी सभागार में जनसुनवाई की। उन्होंने महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण में निष्पक्ष, संवेदनशील एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कुल 30 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। मा. सदस्या ने सभी मामलों में संबंधित विभागों से तत्काल रिपोर्ट तलब करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मिशन शक्ति से महिलाओं को मिल रहा सशक्तिकरण
श्रीमती अंजू प्रजापति ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में मिशन शक्ति अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से महिलाओं को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है तथा उनकी शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण किया जाना चाहिए।

विभागीय योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश
जनसुनवाई के उपरांत मा. सदस्या ने महिला कल्याण विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, पंचायती राज विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं महिला सुरक्षा संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक प्रकरण की कार्रवाई रिपोर्ट उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी, बाराबंकी को उपलब्ध कराई जाए।
जिला कारागार एवं वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण
अपने जनपद भ्रमण के दौरान मा. सदस्या ने जिला कारागार एवं वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। जिला कारागार में उन्होंने महिला बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं तथा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। वहीं वन स्टॉप सेंटर में महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही परामर्श, चिकित्सा, विधिक सहायता एवं अन्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने भोजन, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा व्यवस्था, परामर्श सुविधा तथा पुनर्वास संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं मानक के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पीड़ित महिला एवं बालिका को सम्मानजनक वातावरण एवं त्वरित सहायता उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।

आंगनबाड़ी केंद्रों में मिलीं खामियां, दिए सुधार के निर्देश
निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र कोठीडीह में 53 बच्चों का नामांकन पाया गया, जबकि केंद्र पर पांच बच्चों के बैठने लायक भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं था। इस पर मा. सदस्या ने संबंधित सुपरवाइजर मीरा देवी को तत्काल बच्चों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त काशीराम कॉलोनी स्थित एक कमरे में संचालित दो आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया गया। रजिस्टर में नामांकित केवल 3 बच्चे ही मिले जबकि मौके पर कुल 15 बच्चे बैठे थे जो इधर उधर से बुलाकर बैठाए गए थे। इस अनियमितता पर उन्होंने सुपरवाइजर सुरभि वर्मा को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन नियमानुसार, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए।
महिला हेल्पलाइन सेवाओं की दी जानकारी
मा. सदस्या ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 1076, 112, 1090, 1098, 1930, 181, 102, 108 एवं 101 जैसी विभिन्न टोल-फ्री हेल्पलाइन सेवाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की प्रताड़ना, हिंसा अथवा उत्पीड़न की स्थिति में बिना किसी संकोच के इन हेल्पलाइन नंबरों पर शिकायत दर्ज कराएं। यदि किसी स्तर पर समयबद्ध न्याय न मिले तो राज्य महिला आयोग में भी सीधे शिकायत प्रस्तुत की जा सकती है।
विभागीय अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री राज कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री सूरज सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री नवीन कुमार पाठक, महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन के प्रभारी, महिला थानाध्यक्ष, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










