चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने बुधवार को पाताहातु स्थित भारतीय खाद्य निगम (FCI) गोदाम का औचक निरीक्षण कर खाद्यान्न भंडारण, रखरखाव, परिवहन एवं संचालन व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोदाम में उपलब्ध गेहूं, चावल सहित अन्य खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण, गुणवत्ता एवं संचालन संबंधी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
उपायुक्त ने गोदाम में उपलब्ध खाद्यान्न के स्टॉक की जानकारी प्राप्त की तथा अनाज के बोरों का निरीक्षण कर वैज्ञानिक एवं सुरक्षित भंडारण व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खाद्यान्न की गुणवत्ता हर हाल में बनाए रखी जाए तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही भंडारण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने खाद्यान्न के परिवहन तंत्र की भी समीक्षा की। उन्होंने लोडिंग-अनलोडिंग की प्रक्रिया, आवागमन व्यवस्था एवं समयबद्ध आपूर्ति की जानकारी लेते हुए सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के लिए खाद्यान्न की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस दौरान गोदाम परिसर में स्थापित धर्मकांटा (वेट ब्रिज) का भी निरीक्षण किया गया। उपायुक्त ने उसकी कार्यप्रणाली, माप-तौल की शुद्धता तथा नियमित संचालन की जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत लाभुकों को समय पर गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए भंडारण एवं परिवहन की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, सुरक्षित एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए।
उन्होंने गोदाम परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था तथा अभिलेखों के नियमित संधारण पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया, ताकि खाद्यान्न प्रबंधन प्रणाली प्रभावी एवं सुचारू रूप से संचालित हो सके।









