चाईबासा : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, बीएलओ को दिए अहम निर्देश

चाईबासा: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने बुधवार को 52-चाईबासा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदाता सूची के अद्यतन, गणना प्रपत्रों के संकलन एवं सत्यापन, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा बूथ स्तर पर संचालित विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं बूथ लेवल ऑफिसरों (बीएलओ) को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और पारदर्शी बनाना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं होना अत्यंत आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि एक ही परिवार के सभी पात्र मतदाताओं का नाम यथासंभव एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा प्राप्त गणना प्रपत्रों का समयबद्ध सत्यापन, एएसडीडी (ASDD) सूची का अंतिम रूप देकर उसका डिजिटाइजेशन निर्धारित समय सीमा में पूरा करने तथा विदेशी नागरिकों से संबंधित प्राप्त सूचनाओं एवं दस्तावेजों की विधिवत जांच कर संबंधित निर्वाचक एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

इस दौरान उपायुक्त ने बीएलओ-बीएलए-2 की तृतीय बैठक एवं चुनाव पाठशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी बीएलओ, बीएलए-2 और संबंधित अधिकारियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का आह्वान किया।

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment