सौरभ कुमार,
पोटका विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जगदीशपुर मुख्य सड़क पर लंबे समय से जमा कचरा और जाम नालियों की समस्या स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई थी। सड़क किनारे फैली गंदगी और पानी निकासी बाधित होने से राहगीरों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

इस मार्ग से कांचा, नागड़ीह, मतलाडीह, हरहरगुट्टू, शिवनगर, बागबेड़ा, एदलझोपड़ी, गिद्धीझोपड़ी, जगन्नाथपुर, रानीडीह, कारनडीह एवं कीनूडीह समेत कई गांवों के लोग प्रतिदिन आवाजाही करते हैं। मजदूर, छात्र-छात्राएं, शिक्षक, बुजुर्ग और नौकरीपेशा लोगों के लिए यह सड़क मुख्य संपर्क मार्ग है। बताया जाता है कि प्रतिदिन लगभग 40 हजार से अधिक लोग इस रास्ते का उपयोग करते हैं, लेकिन जाम नाली और गंदगी के कारण स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही थी। ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर समाजसेविका दुखनी सोरेन से समाधान की मांग की। शिकायत मिलते ही उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सफाई कार्य शुरू करवाया। जेसीबी मशीन लगाकर सड़क किनारे जमा कचरे की सफाई कराई गई तथा जाम नालियों को खुलवाने का काम भी शुरू किया गया।

सफाई अभियान शुरू होते ही स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला। लंबे समय से उपेक्षित समस्या के समाधान की पहल पर ग्रामीणों ने संतोष जताते हुए कहा कि जनसमस्याओं पर त्वरित कार्रवाई लोगों का भरोसा मजबूत करती है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि नियमित साफ-सफाई और नाली व्यवस्था दुरुस्त रहने से आने वाले दिनों में राहगीरों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही ग्रामीणों ने इस पहल के लिए दुखनी सोरेन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की।









