सौरभ कुमार, जादूगोड़ा
लगातार ट्रेनों की देरी से परेशान रेल यात्रियों की आवाज अब संगठित रूप से उठने जा रही है। यात्रियों की समस्याओं को लेकर 24 मई, शनिवार को संध्या 4:30 बजे घाटशिला रेलवे स्टेशन के समीप एक व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से आम जनता की राय और नाराजगी को रेलवे प्रशासन तक पहुंचाने की तैयारी की गई है। रेल यात्री संघर्ष समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में आम लोगों से बढ़ चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है। समिति का कहना है कि ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी के कारण विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार यात्रियों को घंटों स्टेशन पर इंतजार करना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह का नुकसान होता है। अभियान की खास बात यह होगी कि इसमें जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की विशेष उपस्थिति रहेगी। उनके शामिल होने से आंदोलन को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कार्यक्रम की तैयारी को लेकर शुक्रवार को रेल यात्री संघर्ष समिति के अध्यक्ष शिवशंकर सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, नीरज सिंह, अमित शर्मा, राहुल पांडे, स्वरिक राज शुक्ला समेत कई सदस्य घाटशिला पहुंचे। सभी ने रेलवे स्टेशन के सामने अभियान स्थल का निरीक्षण किया तथा स्थानीय लोगों से संपर्क कर कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया।समिति के सदस्यों ने कहा कि यह केवल हस्ताक्षर अभियान नहीं, बल्कि यात्रियों की वर्षों पुरानी पीड़ा को आवाज देने का प्रयास है। यदि रेलवे प्रशासन जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं करता, तो आगे और बड़े आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार की जा सकती है। घाटशिला समेत आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों में इस अभियान को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। लोगों का मानना है कि अगर जनता एकजुट होकर आवाज उठाएगी, तभी रेलवे प्रशासन यात्रियों की समस्याओं को गंभीरता से लेगा।









