रिपोर्ट, पी.एन. सिंह
बेलहरा (बाराबंकी)। ज्येष्ठ माह के पांचवें बड़े मंगल के अवसर पर नगर पंचायत बेलहरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य भंडारों का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और धार्मिक आयोजनों में सहभागिता की।
नगर पंचायत बेलहरा स्थित सुप्रसिद्ध संत बाबा राम प्रसाद (बाबा साहब) धाम मंदिर में समाजसेवियों के सहयोग से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का कार्यक्रम भी आयोजित हुआ, जिसमें श्रद्धालु भक्तगण देर तक भगवान के भजनों का आनंद लेते रहे। भंडारे में क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इसके अलावा कस्बे के पुरानी बाजार स्थित स्वर्गीय मेवा लाल नाग की दुकान पर भी भंडारे का आयोजन किया गया, जहां लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली।
क्षेत्र के छेदा, गैसापुर, बेहरा, झंझारा, उमरी विशुनपुर चौराहा, कैथा, बिहुरा चौराहा, सूरतगंज, मोहम्मदपुर खाला, लालपुर करौता, हेतमपुर, रानीगंज, दादनपुर चौराहा, फतेहपुर, विशुनपुर, भगौली सहित अनेक स्थानों पर भी श्रद्धालुओं द्वारा भव्य भंडारों का आयोजन किया गया।
धार्मिक आस्था और सेवा भाव से ओत-प्रोत ये आयोजन देर शाम तक जारी रहे। आयोजकों ने बताया कि बड़े मंगल के अवसर पर भंडारा और धार्मिक कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में आपसी सद्भाव, सेवा और धार्मिक चेतना को बढ़ावा देना है। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रमों में भाग लिया।










