चाईबास: राष्ट्रीय मत्स्य कृषक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभाकक्ष में मत्स्य विभाग की ओर से भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुआ, सिंहभूम सांसद जोबा माझी, उपायुक्त मनीष कुमार सहित कई अधिकारी और 150 से अधिक मत्स्य कृषक शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर मंत्री दीपक बिरुआ ने कहा कि मत्स्य पालन ग्रामीण लोगों की आय बढ़ाने और रोजगार का अच्छा माध्यम है। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीक अपनाने और सरकार की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
सांसद जोबा माझी ने कहा कि मत्स्य पालन से किसान आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने वैज्ञानिक तरीके से मत्स्य पालन करने और सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाने का आग्रह किया।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पात्र किसानों तक सभी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समय पर पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मत्स्य पालन और सहकारिता के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले 17 मत्स्य कृषकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं 5 मत्स्य बीज उत्पादकों को फ्राई कैचिंग नेट, 8 केज मत्स्य पालकों को लाइफ जैकेट, एक समिति को चारपहिया वाहन, दो समितियों को मोटरचालित नाव और एक लाभुक को चारपहिया भारवाहक वाहन दिया गया। इसके अलावा 10 किसानों को अरहर बीज और 6 किसानों को उड़द बीज भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री दीपक बिरुआ, सांसद जोबा माझी और उपायुक्त मनीष कुमार ने मत्स्य पालन के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए गुब्बारे उड़ाए और हाकू रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किय









