रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।
बाराबंकी। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत बाराबंकी द्वारा “अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत वृद्धाश्रमों में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति युवाओं में संवेदनशीलता एवं सेवा भावना का विकास” विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वर्तमान आधुनिक दौर में युवाओं के भीतर कम होती संवेदनशीलता, सेवा भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता विकसित करना था। इसी उद्देश्य के तहत मेरा युवा भारत बाराबंकी की टीम सफेदाबाद स्थित मातृ पितृ सदन पहुंची, जहां युवाओं ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ समय व्यतीत कर उनके अनुभवों को सुना एवं उनसे आत्मीय संवाद स्थापित किया।

इस दौरान टीम द्वारा गीत-संगीत, मनोरंजक खेल एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बुजुर्गों के दिन को आनंदमय बनाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, सेवा एवं सहयोग की भावना को आत्मसात करने का अनुभव प्राप्त किया।

कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी श्रीमती रश्मीशबनम गुप्ता, पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सुरजीत चौहान एवं सत्येंद्र कुमार, युवा मंडल अध्यक्ष राम रूप वर्मा सहित जितेंद्र कुमार, शीतांशी, करिश्मा, नईमा बानो, सुशीला, रजनी देवी, साक्षी, अभय वर्मा, विवेक यादव एवं मेरा युवा भारत की टीम के अन्य सदस्य तथा गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने समाज में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं उनकी सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।









