चाईबासापश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय में शनिवार को जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु की संयुक्त अध्यक्षता में मंडल कारा, चाईबासा की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जेल अधीक्षक समेत कारा के सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जेल की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा, प्रवेश नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी, आगंतुकों के सत्यापन तथा प्रतिबंधित सामानों की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कारा सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों ने कहा कि बंदियों से मिलने आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पहचान सत्यापन और गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाए। वहीं, बंदियों के लिए लाए जाने वाले सामान की भी पूरी जांच के बाद ही उसे कारा परिसर में भेजा जाए, ताकि किसी भी प्रतिबंधित वस्तु की एंट्री न हो सके।
बैठक में सभी सीसीटीवी कैमरों को हर समय चालू रखने, उनकी नियमित मॉनिटरिंग करने तथा सुरक्षा उपकरणों और सुरक्षा कर्मियों की सतत सक्रियता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त मनीष कुमार और एसपी अमित रेणु ने कहा कि मंडल कारा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएं तथा किसी भी संभावित चुनौती से निपटने के लिए हमेशा सतर्क रहें। बैठक के अंत में कारा सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।









