जमशेदपुर, 17 जुलाई: बाल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल, कदमा की छात्रा अफराह इमाम ने नीट-यूजी 2026 में 99.85 परसेंटाइल प्राप्त कर कोल्हान टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ पूरे कोल्हान क्षेत्र में खुशी की लहर है।
अफराह इमाम ने पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां को मिलाकर बने कोल्हान प्रमंडल में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन, निरंतर अभ्यास तथा शिक्षकों और अभिभावकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।
विद्यालय परिसर में इस उपलब्धि का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने अफराह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह सफलता संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण का प्रमाण है।
इस अवसर पर बाल्डविन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के निदेशक (प्रशासन) डॉ. राजीव रंजन सिन्हा, सचिव प्रभास कुमार, निदेशक (शैक्षणिक) डॉ. अशोक सिंह, प्राचार्या डॉ. शुभश्री सरकार, उप-प्राचार्या श्रीमती अर्चना बोस तथा प्रशासक श्री सचिन कुमार ने अफराह इमाम को सम्मानित करते हुए उनकी सफलता पर बधाई दी। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर कड़ी मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भी बाल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान और झारखंड का नाम रोशन करेंगे।
रिपोर्ट: बृजराज सिंह, जमशेदपुर









