रिपोर्ट सुरेंद्र सिंह चौहान, जी भारत न्यूज़।
बाराबंकी। अवैध खनन, ओवरलोडिंग तथा बिना परमिट संचालित वाहनों के खिलाफ परिवहन एवं खनन विभाग ने संयुक्त रूप से विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की गई।
एआरटीओ अंकिता शुक्ला एवं खनन अधिकारी के नेतृत्व में माती-देवा रोड, सतरिख तथा हैदरगढ़ मार्ग पर व्यापक जांच अभियान संचालित किया गया। संयुक्त टीम ने वाहनों के दस्तावेजों की गहन जांच करते हुए लगभग 55 वाहनों की चेकिंग की।
जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 12 वाहनों को सीज कर दिया गया, जबकि 10 वाहनों का चालान करते हुए भारी जुर्माना लगाया गया। अभियान में विशेष रूप से ओवरलोडिंग, बिना परमिट संचालन तथा अवैध खनन से जुड़े वाहनों पर कार्रवाई की गई।
इसके अलावा बिना नंबर प्लेट संचालित वाहनों के खिलाफ भी चालान की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात एवं परिवहन नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
अचानक चले इस विशेष अभियान से वाहन चालकों एवं डंपर संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और नियम विरुद्ध वाहन संचालन के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार अभियान जारी रहेगा।









