मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना 2026 | बाराबंकी में फ्री UPSC, NEET, JEE कोचिंग के लिए आवेदन तिथि बढ़ी

रिपोर्ट सुरेंद्र सिंह चौहान, जी भारत न्यूज़।

बाराबंकी। प्रदेश के प्रतिभावान, मेधावी एवं परिश्रमी छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत जनपद बाराबंकी में निःशुल्क ऑफलाइन कोचिंग सेंटर संचालित किए जा रहे हैं।

यह कोचिंग सेंटर राजकीय जिला पुस्तकालय, बाराबंकी तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बाराबंकी में संचालित हैं, जहां UPSC, UPPSC, JEE, NEET एवं अन्य वन डे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है।

इन कोचिंग केंद्रों में प्रवेश के लिए सभी वर्गों के इच्छुक छात्र-छात्राओं से ऑफलाइन आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि पूर्व में 30 मई 2026 निर्धारित की गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 12 जून 2026 कर दिया गया है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, बाराबंकी में इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र आवश्यक संलग्नकों सहित जमा कर सकते हैं।

पात्रता के संबंध में बताया गया है कि सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी हेतु वे छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने स्नातक अंतिम वर्ष में प्रवेश ले लिया हो अथवा स्नातक उत्तीर्ण कर चुके हों। वहीं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए वे अभ्यर्थी पात्र होंगे जिन्होंने कक्षा 12वीं में प्रवेश ले लिया हो अथवा परीक्षा उत्तीर्ण कर ली हो।

जिला प्रशासन ने इच्छुक अभ्यर्थियों से बढ़ाई गई तिथि तक आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है।

Leave a Comment