बाराबंकी, 27 मार्च 2026।
ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने संयुक्त रूप से नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया।

फ्लैग मार्च नगर के प्रमुख मार्गों, संवेदनशील इलाकों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से होकर निकाला गया। इस दौरान अधिकारियों ने आमजन से संवाद स्थापित करते हुए आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने का आग्रह किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहार को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।

फ्लैग मार्च के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि/रा) निरंकार सिंह, जॉइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल, सीओ सदर संगम कुमार, जॉइंट मजिस्ट्रेट विद्यांशु शेखर झा सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट सुरेंद्र सिंह चौहान, जी भारत न्यूज़।










