बाराबंकी में बकरीद को लेकर केंद्रीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न, डीएम-एसपी ने सौहार्द बनाए रखने की अपील

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान

बाराबंकी, 22 मई। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में विभिन्न समुदायों के धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया। अधिकारियों ने सभी उपस्थित लोगों से जनपद की गंगा-जमुनी तहजीब एवं आपसी भाईचारे की परंपरा को बनाए रखते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही बकरीद का पर्व मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में न की जाए तथा सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी करने से बचा जाए, जिससे आमजन को असुविधा न हो। उन्होंने संबंधित विभागों को साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने यह भी कहा कि नमाज के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए तथा सड़क एवं सार्वजनिक मार्गों पर नमाज अदा न की जाए। कुर्बानी के बाद अवशेषों के समुचित निस्तारण के लिए नगर निकायों को निर्धारित स्थलों पर गड्ढों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आवारा पशुओं पर नियंत्रण एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग, बलिदान और शांति का प्रतीक पर्व है, जिसे प्रेम एवं सौहार्द के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुर्बानी के फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करें और किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भड़काऊ पोस्ट से दूर रहें। उन्होंने कहा कि पुलिस एवं प्रशासन की टीमें लगातार भ्रमणशील रहेंगी तथा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी श्री निरंकार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, विद्युत एवं जल निगम विभाग के अधिकारी सहित विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Comment