जमशेदपुर: डीडी बार कांड में घायल होने के बाद इलाज के दौरान जान गंवाने वाले प्रत्यूष आनंद के परिवार के प्रति झारखंड सरकार ने संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को फोन पर प्रत्यूष आनंद के परिजनों से बातचीत कर गहरा दुख जताया और उन्हें हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री ने बातचीत के दौरान कहा कि राज्य सरकार इस दुखद घटना में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परिवार को हर आवश्यक प्रशासनिक और सरकारी सहयोग तत्काल उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस बीच सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने भी प्रत्यूष आनंद के परिजनों से संपर्क कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि जिला प्रशासन परिवार के साथ लगातार संपर्क में है और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में हुई इस घटना ने पूरे कोल्हान क्षेत्र को झकझोर दिया है। मामले को लेकर लोगों में आक्रोश है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग लगातार उठ रही है। मुख्यमंत्री की ओर से परिजनों से सीधे बातचीत को सरकार की संवेदनशील पहल के रूप में देखा जा रहा है।
सरकार और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे। वहीं, मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई भी जारी है।









