जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित डी.डी. बार के समीप 27 जून को हुई दो युवकों की हत्या के मामले में न्याय की मांग तेज हो गई है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। इसी क्रम में झारखंड क्षत्रिय संघ के अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह और पीड़ित परिवार की ओर से अरविंद सिंह ने झारखंड के महामहिम राज्यपाल से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई।
राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि जिस समय पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में यह घटना हुई, उस दौरान ड्यूटी पर तैनात संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें तत्काल जेल भेजा जाए। साथ ही मृतक हिमांशु की पत्नी को सरकारी नौकरी देने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग भी की गई।
राज्यपाल से मुलाकात के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, भाजपा नेता भानु प्रताप शाही तथा भाजपा जमशेदपुर महानगर जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि घटना को 10 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है, जिससे आम लोगों में असंतोष, आक्रोश और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। पीड़ित परिवार और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा जांच के दौरान किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान न किया जाए।
इस मामले को लेकर शहर में लगातार न्याय और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठ रही है। लोगों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होने से ही आम जनता का कानून व्यवस्था पर भरोसा कायम रहेगा।
- कोल्हान ब्यूरो चीफ बृजराज सिंह की रिपोर्ट









