बागबेड़ा पंचायत का हुआ महा-सर्वे: दिल्ली तक गूंजेगा नाम, मिल सकता है बड़ा राष्ट्रीय पुरस्कार

जमशेदपुर, प्रतिनिधि। दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार के लिए चयनित पंचायतों के मूल्यांकन के तहत मंगलवार को बागबेड़ा मध्य पंचायत का निरीक्षण एवं सर्वेक्षण किया गया। इस दौरान पंचायती राज विभाग, रांची से आए निरीक्षक दल तथा जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय के अधिकारियों ने पंचायत क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण दल में पंचायती राज विभाग, रांची के प्रतिनिधि निखिल कुमार, सहायक अभियंता मोहम्मद जुनैल, कनीय अभियंता विजय भूषण एवं अन्य अधिकारी शामिल थे। अधिकारियों ने महिला स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी, लाभुकों के माध्यम से क्रियान्वित विकास कार्यों, पशुपालन विभाग की योजनाओं के लाभार्थियों, पेयजल आपूर्ति से संबंधित प्रगति कार्यों तथा स्वच्छता अभियान के तहत कचरा प्रबंधन की व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान निखिल कुमार ने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार के लिए चयनित पंचायतों का विभिन्न मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया जा रहा है। सभी बिंदुओं से संबंधित आंकड़ों और सूचनाओं का संकलन कर पंचायत को 100 अंकों के पैमाने पर अंक प्रदान किए जाएंगे। सर्वेक्षण एवं मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद केंद्र सरकार द्वारा पंचायतों की अंतिम रैंकिंग घोषित की जाएगी।

इस अवसर पर महिला समूहों की सदस्याएं, बागबेड़ा मध्य पंचायत की पंचायत सचिव एल्विना तिर्की, मुखिया उमा मुंडा, पंचायत समिति सदस्य राजू कुमार, बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के पंचायत सचिव चंद्र मोहन सोरेन, केडी मुंडा, वार्ड सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

राकेश सिंह ब्लॉक रिपोर्टर, जमशेदपुर जी भारत न्यूज़।

Leave a Comment