मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा, नेपाली श्रद्धालुओं की बस और रोडवेज बस की टक्कर में 35 घायल

रिपोर्ट, मोहम्मद उमर कुरैशी।

मुरादाबाद से बड़ी खबर: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में थाना कांठ क्षेत्र के अंतर्गत मिल रोड के पास बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां नेपाली श्रद्धालुओं से भरी बस की यूपी रोडवेज बस से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में करीब 35 यात्रियों के घायल होने की खबर है, जिनमें लगभग 7 नेपाली श्रद्धालुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिद्वार से दर्शन कर अपने देश नेपाल लौट रहे श्रद्धालुओं की बस कांठ क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि यूपी रोडवेज बस द्वारा ओवरटेक करने के बाद अचानक ब्रेक लगाए जाने के चलते दोनों बसों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि नेपाली श्रद्धालुओं की बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा बीती रात करीब 9 बजे हुआ, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए कांठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद रेफर किया गया।

हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के सही कारणों और जिम्मेदारी को लेकर जांच की जा रही है।

 

Leave a Comment