रिपोर्ट, मोहम्मद उमर कुरैशी।

अलीगढ़ से बड़ी खबर सामने आई है। थाना रोरावर क्षेत्र में चोरी के सामान की बरामदगी के लिए दबिश देने पहुंची पुलिस टीम के साथ कथित तौर पर पुलिसकर्मियों को बंधक बनाए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को चोरी का सामान छिपाए जाने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम दबिश देने पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान क्राइम इंस्पेक्टर अनुज कुमार शर्मा और दो पुलिसकर्मियों को एक महिला और उसके बेटे ने कथित तौर पर बंधक बना लिया।
पुलिसकर्मियों को बंधक बनाए जाने की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद एसपी सिटी समेत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बंधक बनाए गए पुलिसकर्मियों को मुक्त कराया गया।
घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी जुटाई। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा अग्रिम विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई है।
वहीं, पूरे मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम, अलीगढ़ श्री संजीव कुमार ने मीडिया को विस्तृत जानकारी दी और घटना के संबंध में पुलिस का पक्ष रखा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और जिम्मेदार लोगों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।















