जगन्नाथपुर (पश्चिमी सिंहभूम): शारदीय दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर जगन्नाथपुर प्रखंड में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। महाष्टमी के शुभ अवसर पर सोमवार की सुबह से ही राम महावीर मंदिर और दुर्गा मंदिर स्थित पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। विशेष रूप से महिलाओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-शांति, खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की।
महाष्टमी के अवसर पर मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की विधि-विधान से पूजा की गई। राम महावीर दुर्गा मंदिर में पुजारी प्रभात पनीगिरी तथा दुर्गा मंदिर में पुजारी रितेश पानीगिरी ने श्रद्धालुओं को पुष्पांजलि अर्पित कराई। इस दौरान भक्तों ने पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ मां के चरणों में शीश झुकाया और अपने परिवार तथा समाज के कल्याण की प्रार्थना की।
ढाक की गूंज और भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण
दुर्गा पूजा को लेकर पूरे जगन्नाथपुर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। पूजा पंडालों में ढाक-बाजे की गूंज, चंडी पाठ और मधुर भजनों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। सुबह से लेकर शाम तक मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस बार दुर्गा पूजा को लेकर बच्चों और युवाओं में भी खासा उत्साह नजर आ रहा है। रंग-बिरंगी सजावट से सजे पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। महाष्टमी के अवसर पर मंदिरों में उमड़ी भीड़ ने क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और आस्था की झलक पेश की।
रात्रि आरती के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
राम महावीर मंदिर और दुर्गा मंदिर पूजा पंडालों में रात्रि आरती के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है। छोटी-छोटी बच्चियां डांडिया जैसे पारंपरिक नृत्य कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। इन कार्यक्रमों को देखने के लिए भी स्थानीय लोगों में काफी उत्साह है।
दुर्गा पूजा के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक परंपराओं को भी बढ़ावा मिल रहा है। जगन्नाथपुर में महाष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पूजा पंडालों में भक्तों की भीड़ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे क्षेत्र को उत्सवमय बना दिया है।














