रोमेश कुमार तहसील संवाददाता जी भारत न्यूज़
कानपुर देहात: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और जिला उपाध्यक्ष रहे शिशुपाल सिंह यादव (72) का शुक्रवार को उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए उनके पैतृक गांव और पार्टी कार्यालय पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, 11 जून को पार्टी द्वारा आयोजित एक प्रदर्शन में शामिल होने के दौरान भीड़ के बीच गिर जाने से उन्हें चोटें आई थीं। स्वास्थ्य ठीक न होने के बावजूद वे कार्यक्रम में शामिल हुए थे। चोट लगने के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई, जिसके बाद उन्हें कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
शिशुपाल सिंह यादव को जिले में समाजवादी विचारधारा के समर्पित और जमीनी नेता के रूप में जाना जाता था। उन्होंने लंबे समय तक पार्टी संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी सादगी, कार्यकर्ताओं से जुड़ाव और जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता उनकी विशेष पहचान थी।
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके निधन को संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय लोग शामिल हुए तथा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।








