कदौरा/जालौन। विकास खंड कदौरा स्थित ब्लॉक कार्यालय के मनरेगा पटल पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्राम रोजगार सेवक और कंप्यूटर ऑपरेटर के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में ग्राम रोजगार सेवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले ने ब्लॉक कार्यालय में भ्रष्टाचार और सुविधा शुल्क की चर्चाओं को भी हवा दे दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कानाखेड़ा के रोजगार सेवक ब्रजेन्द्र कुमार मनरेगा संबंधी आईडी फॉरवर्ड कराने ब्लॉक कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी कंप्यूटर ऑपरेटर जागेश कुमार से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कंप्यूटर ऑपरेटर ने कुर्सी और कंप्यूटर मॉनिटर से हमला कर दिया, जिससे ब्रजेन्द्र कुमार के सिर में गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में वह कार्यालय परिसर में ही गिर पड़े।

घटना के बाद ब्लॉक कार्यालय में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजकर दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया।
घायल रोजगार सेवक ने आरोप लगाया कि मनरेगा कार्यों में फाइल आगे बढ़ाने और आईडी फॉरवर्ड करने के नाम पर सुविधा शुल्क मांगा जा रहा था। उनका कहना है कि वह कई दिनों से कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। उन्होंने दावा किया कि पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है, जबकि अधिकारियों की ओर से कैमरे खराब होने की बात कही जा रही है।
घटना के बाद ब्लॉक कार्यालय में कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मामले को लेकर कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है।
थाना प्रभारी परमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ब्यूरो रिपोर्ट: शोभित पाण्डेय, जी भारत न्यूज़
Zee Bharat News









