कालपी : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. दिनेश गुप्ता की अध्यक्षता में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की बैठक आयोजित कर अभियान के सफल संचालन के लिए रणनीति तैयार की गई।
मंगलवार को सीएचसी परिसर में आयोजित बैठक में चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत 11 जुलाई से दस्तक अभियान शुरू किया जाएगा। जो 31 जुलाई तक संचालित रहेगा। अभियान के दौरान पांच आशाओं नसीमा खातून,नीलम यादव,अंजु लता, रानी अहिरवार, पूनम आदि स्वास्थ्य कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव, स्वच्छता, साफ पेयजल के उपयोग तथा मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी। साथ ही बुखार, डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक रोगों के संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा जाएगा।
बैठक में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि अभियान के दौरान सर्वे, जनजागरूकता और रोगियों की समय पर पहचान पर विशेष ध्यान दिया जाए। सभी स्वास्थ्य कर्मियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। मीटिंग में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी,जिला फाइलेरिया अधिकारी भावना सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी चन्द्र शेखर,एके पांडेय के अलावा चिकित्सा अधिकारी डॉ शेख शहरयार,डा विशाल सचान,डा अशोक कुमार, डा गरिमा सिंह, रचना दुवे समेत विभागीय कर्मचारियों ने सहभागिता की।








