जालौन: तेज तूफान और आंधी से कदौरा क्षेत्र में भारी तबाही, मकानों की छतें टूटीं, पेड़ उखड़े

कदौरा (जालौन)। शुक्रवार देर रात आए तेज तूफान और आंधी ने कदौरा थाना क्षेत्र में व्यापक तबाही मचाई। तेज हवाओं के कारण नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में कई मकानों, दुकानों और विद्युत व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचा। जगह-जगह पेड़ उखड़कर गिर गए, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा और आवागमन में भी बाधाएं उत्पन्न हुईं।

नगर के मोहल्ला हवेली में मुस्तकीम उर्फ शेरू एवं उनके चाचा के मकान पर पड़ोसी की दीवार गिर गई, जिससे मकान की छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

वहीं, ग्राम पंडोरा में तेज आंधी के दौरान एक पेड़ गिरने से भैंस की पड़िया की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पशुपालक को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

उदनपुर हाईवे पर भी तूफान का असर देखने को मिला, जहां कई बड़े पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क किनारे गिर पड़े। इससे कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। तेज हवाओं के चलते कई दुकानों के टीन शेड उड़ गए, जबकि अनेक घरों में भी नुकसान की सूचना मिली है।

आंधी-तूफान का असर विद्युत व्यवस्था पर भी पड़ा। कई स्थानों पर पेड़ों के बिजली के पोलों पर गिर जाने से पोल क्षतिग्रस्त हो गए और क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। विद्युत विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन कर रही हैं तथा जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर प्रभावित परिवारों और पशुपालकों को उचित सहायता प्रदान करने की मांग की है।

ब्यूरो रिपोर्ट: शोभित पाण्डेय, जी भारत न्यूज़, जालौन।

Leave a Comment