बाराबंकी में ‘मिशन पहचान’ के अंतर्गत उत्कृष्ट शिक्षकों एवं विद्यालयों का सम्मान

रिपोर्ट सुरेंद्र सिंह चौहान, जी भारत न्यूज़।

नवाचार “मिशन पहचान” के अंतर्गत जनपद के राजकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु प्रेरित करने वाले शिक्षकों एवं विद्यालयों को आज मंथन सभागार, जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उन शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं नगद पुरस्कार प्रदान किए गए, जिनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा में संबंधित विषयों में 99 अथवा 100 अंक प्राप्त किए।

शैक्षिक सत्र के प्रारंभ में “मिशन पहचान” के अंतर्गत यह घोषणा की गई थी कि जिन शिक्षकों के प्रयास, समर्पण एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण से विद्यार्थी अपने विषय में 99 या 100 अंक प्राप्त करेंगे, उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। इसी क्रम में जनपद के 06 शिक्षकों को गणित, भूगोल एवं हिंदी विषयों में उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विशेष रूप से पटेल पंचायती इण्टर कॉलेज के प्रधानाचार्य की सराहना की गई, जिन्होंने भूगोल विषय का शिक्षण कार्य करते हुए विद्यार्थियों को उत्कृष्ट मार्गदर्शन प्रदान किया। उनके निर्देशन में इंटरमीडिएट परीक्षा में एक विद्यार्थी ने भूगोल विषय में 99 अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं जनपद का गौरव बढ़ाया।

इसके अतिरिक्त हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले तीन विद्यालयों — राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज सतरिख, राजकीय हाईस्कूल कबूलपुर तथा राजकीय हाईस्कूल बढईडीह — को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में यह भी उल्लेख किया गया कि राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज सतरिख ने इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में भी जनपद स्तर पर सर्वोत्तम प्रदर्शन कर उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की है, जिसके लिए विद्यालय परिवार की विशेष प्रशंसा की गई।

इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक बाराबंकी श्री ओ0पी0 त्रिपाठी ने कहा कि “मिशन पहचान” का उद्देश्य विद्यार्थियों में उत्कृष्टता की भावना विकसित करना तथा शिक्षकों को परिणामोन्मुख एवं नवाचारी शिक्षण के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि जनपद के विद्यालय लगातार बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार कर रहे हैं, जिसका सकारात्मक प्रभाव बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

कार्यक्रम में जनपद के समस्त राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे। साथ ही वित्त एवं लेखाधिकारी माध्यमिक शिक्षा श्री संतोष कुमार मौर्य तथा जिला समन्वयक समग्र शिक्षा (मा०) श्री अखिलेंद्र सिंह की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।

Leave a Comment