धनबाद:झारखंड में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के वासेपुर स्थित मकान पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। न्यायालय के आदेश के बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। पूरे इलाके को सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
शनिवार को सुबह से ही बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौके पर तैनात रहे। बुलडोजर की मदद से गैंगस्टर के मकान को तोड़ा गया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके की घेराबंदी की गई और पूरे अभियान की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश और कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है। बताया गया कि प्रिंस खान लंबे समय से फरार है और उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, फायरिंग समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उसकी संपत्तियों पर लगातार कानूनी कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, हाल ही में एक जनप्रतिनिधि को मिली कथित रंगदारी और जान से मारने की धमकी के बाद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ अभियान और तेज कर दिया है। इसके तहत प्रिंस खान और उसके गिरोह पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
धनबाद पुलिस का कहना है कि राज्य में संगठित अपराध, रंगदारी और अपराधियों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी अपराधी के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।








