गालूडीह (पूर्वी सिंहभूम):गालूडीह थाना के ठीक सामने स्थित महाबीर एंटरप्राइजेज TVS शोरूम में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए करीब ₹4.5 लाख नकद और सीसीटीवी का डीवीआर (DVR) लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि यह घटना थाना के सामने स्थित प्रतिष्ठान में हुई, जिससे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, चोर देर रात शोरूम में घुसे और कैश काउंटर में रखी करीब साढ़े चार लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के दौरान आरोपियों ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा सबूत मिटाने के उद्देश्य से डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही शोरूम संचालक ने तत्काल गालूडीह थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब थाना के सामने स्थित प्रतिष्ठान भी सुरक्षित नहीं है, तो आम व्यापारियों और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।








