रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।
चकमार्गों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के साथ तत्काल पटाई भी कराई जाए – डीएम
विभिन्न तहसीलों में आज 52 शिकायतों का हुआ त्वरित निस्तारण
बाराबंकी, 06 जुलाई 2026। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से तहसील नवाबगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में किया गया।इस अवसर पर एसपी श्री अर्पित विजयवर्गीय एसडीएम नवाबगंज/जॉइंट मजिस्ट्रेट सुश्री गुंजिता अग्रवाल सहित जिला स्तरीय उपस्थित रहे।जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा प्रत्येक प्रकरण में संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान निवासी आदमपुर बुधवारा श्री सन्तराम द्वारा चकमार्ग की पूर्व में कराई गई पैमाइश को पुनः कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी एवं संबंधित खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि चकमार्ग की पैमाइश कराते हुए तत्काल उसकी पटाई भी सुनिश्चित कराई जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व एवं विकास विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए यह सुनिश्चित करें कि जिस भी चकमार्ग की पैमाइश अथवा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए, उसकी तत्काल पटाई भी कराई जाए, जिससे दोबारा उस पर किसी प्रकार का अवरोध या अतिक्रमण न हो सके। उन्होंने कहा कि केवल पैमाइश या अतिक्रमण हटाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि चकमार्ग को उपयोग योग्य बनाना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि चकमार्ग एवं सरकारी रास्तों पर अतिक्रमण की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। ऐसी शिकायतों में संबंधित राजस्व कर्मियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी तथा लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद, सरकारी रास्ते एवं चकमार्ग, राशन कार्ड, पेंशन, आवास तथा अन्य जनसामान्य से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
विभिन्न तहसीलों में आयी शिकायतें और निस्तारण

तहसील राम सनेहीघाट में एसडीएम की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 72 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 09 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील सिरौलीगौसपुर में 29 प्रार्थना पत्रों में से 08 का, तहसील नवाबगंज में 208 में से 20 का, तहसील रामनगर में 44 में से 07 का, तहसील फतेहपुर में 41 में से 06 का तथा तहसील हैदरगढ़ में 81 में से 02 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण सुनिश्चित किया गया।








